India News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शुक्रवार को आतंकी संगठन आईएसआईएस (ISIS) के नेटवर्क को तोड़ते हुए दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों का नाम अदनान है, जिनमें से एक दिल्ली का और दूसरा मध्य प्रदेश का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक फिदायीन हमले की ट्रेनिंग ले रहे थे और उनका टारगेट दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाके थे। वे राजधानी में आईईडी ब्लास्ट जैसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। दोनों की गिरफ्तारी दिल्ली के सादिक नगर और भोपाल से हुई है। फिलहाल, पुलिस टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि उनके नेटवर्क और संभावित ठिकानों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने बताया कि इन आतंकियों के पास से अहम डिजिटल सबूत और तकनीकी उपकरण बरामद किए गए हैं। सीसीटीवी फ़ुटेज और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच के आधार पर इनके संपर्क आईएसआईएस मॉड्यूल से जुड़े लोगों से पाए गए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले सितंबर माह में भी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने “प्रोजेक्ट मुस्तफा” नामक एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। उस कार्रवाई में पुलिस ने दिल्ली, झारखंड, तेलंगाना और मध्य प्रदेश से पांच आतंकियों को गिरफ्तार किया था, जो सोशल मीडिया के एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर युवाओं को कट्टरपंथी बना रहे थे।
स्पेशल सेल की टीम का कहना है कि मौजूदा गिरफ्तारी उसी नेटवर्क का आगे का हिस्सा प्रतीत होती है और यह समूह देश के विभिन्न हिस्सों में अपने ठिकाने बनाने की कोशिश में था।



