Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में गुरुवार को सरडीहा पंचायत के रूपुषकुंडी–दक्षिणशोल सड़क पर बने एक कल्वर्ट के ह्यूम पाइप के अंदर से एक बुजुर्ग का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान दक्षिणशोल गांव निवासी करीब 60 वर्षीय ठीलू मांडी के रूप में हुई है। उनके पुत्र सुकलाल मांडी ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। परिजनों के अनुसार, ठीलू मांडी करीब 10 दिन पहले मवेशी चराने के लिए घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया था। परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कल्वर्ट के पास तेज दुर्गंध आ रही थी, लेकिन किसी ने उस ओर ध्यान नहीं दिया। गुरुवार को जब बदबू असहनीय हो गई तो कुछ ग्रामीणों ने जाकर देखा, जहां ह्यूम पाइप के अंदर शव पड़ा मिला। शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी है।
घटनास्थल से मिले कुछ संकेतों ने मामले को और भी संदिग्ध बना दिया है। शव के पास से बांस का एक टुकड़ा बरामद हुआ है, जिस पर खून के निशान होने की बात सामने आई है। इस वजह से हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
सूचना मिलते ही चाकुलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी राजेश कुमार के निर्देश पर एसआई कविंद्र पोद्दार और सुकलाल हांसदा ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह प्राकृतिक मौत है, हादसा है या फिर हत्या का मामला।
Share.
Exit mobile version