Chatra news: चतरा की शांत फिजाओं में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शहर के महत्वपूर्ण इलाके में एक युवक की लाश बरामद हुई। पिछले पांच दिनों से जिस अनिश कुमार सिंह को परिजन गली-गली तलाश रहे थे, उसका शव शनिवार दोपहर जिला नियोजनालय कार्यालय के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
आखिर तीन मार्च की रात ऐसा क्या हुआ कि अनिश घर वापस नहीं लौटा। जयशंकर नगर सजना गांव के रहने वाले 28 वर्षीय अनिश कुमार सिंह बीते 3 मार्च की शाम घर से निकले थे। परिजनों को लगा कि वह रोज की तरह जल्द लौट आएंगे, लेकिन वक्त बीतता गया और अनिश का कोई पता नहीं चला।
रिश्तेदारों से लेकर दोस्तों तक, हर दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन अनिश का सुराग नहीं मिला। थक-हार कर पत्नी शीतल देवी ने चतरा सदर थाने में गुमशुदगी की गुहार लगाई थी। आज दोपहर जब जिला नियोजनालय कार्यालय के समीप लोगों ने एक शव देखा, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त अनिश के रूप में होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिनकी उम्मीदें आज एक झटके में टूट गईं। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि लापता होने का आवेदन हमें कल ही प्राप्त हुआ था, जिसके बाद पुलिस लगातार छानबीन कर रही थी। आज शव बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल चतरा पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस पूरे रहस्य से पर्दा उठाएगी। सजना गांव के लोग अब न्याय की मांग कर रहे हैं और शहर में सुरक्षा को लेकर चर्चाएं गर्म हैं।



