Palamu : उपायुक्त समीरा एस ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में जनता दरबार आयोजित कर जिलेभर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलने, मुआवजा भुगतान, और सेवा संबंधी शिकायतें डीसी के समक्ष रखीं।

जनता दरबार में आए आवेदनों पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पांकी के शशिकांत यादव ने मजदूर किसान इंटर कॉलेज की प्राचार्या के योगदान न होने और दो वित्तीय वर्षों की अनुदान राशि नहीं मिलने की शिकायत की। वहीं पिंकी देवी ने अपनी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे को लेकर कार्रवाई की मांग की। अशोक साव ने एनएच-75/39 के तहत अधिग्रहित भूमि का मुआवजा न मिलने की शिकायत दर्ज कराई।

हुसैनाबाद की प्रतिमा देवी ने गांव के कुछ लोगों पर सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया। एक सेवानिवृत्त पंचायत सचिव ने अपने एमएसीपी लाभ को लेकर गुहार लगाई।

इसके अलावा, 10 से अधिक महिलाओं ने मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना का पैसा न मिलने की शिकायत दी, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा विभाग को जांच हेतु भेजा गया।

जनता दरबार में राजस्व, आपूर्ति, पेयजल, शिक्षा, कल्याण और स्वास्थ्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्रमुखता से आईं।

Share.
Exit mobile version