Ranchi : उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बुधवार को पर्व-त्योहार की छुट्टियों के बाद अपराह्न 4 बजे के आसपास समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य कार्यालयों में अनुशासन, उपस्थिति, स्वच्छता और कार्य संस्कृति की स्थिति का जायजा लेना था।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ कर्मचारी आईडी कार्ड नहीं पहने हुए थे और उनके द्वारा नेम प्लेट प्रदर्शित नहीं की गई थी। इस पर उपायुक्त ने संबंधित कर्मचारियों को भी शो कॉज करने का निर्देश दिया और सख्त चेतावनी दी कि कार्यालय अवधि में सभी कर्मचारी अनिवार्य रूप से पहचान पत्र पहनें।
श्री भजंत्री ने कहा कि समाहरणालय प्रशासनिक कार्यों का केंद्र है, इसलिए यहां अनुशासन, स्वच्छता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कार्यालयों में स्वच्छ वातावरण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और समय पर कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, सामान्य शाखा प्रभारी विवेक कुमार सुमन, जिला नजारत उपसमाहर्ता सुदेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय तथा सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा रवि शंकर मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।



