Ranchi News: रांची डीसी-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बीआईटी मेसरा से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अनुमण्डल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुमित अग्रवाल, बीआईटी मेसरा के वाइस चांसलर प्रोफेसर इन्द्रनील मन्ना, अंचल अधिकारी कांके समेत अन्य संबंधित अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य बीआईटी मेसरा द्वारा अधिग्रहित भूमि की स्थिति की समीक्षा करना तथा वहां छात्रों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना था। विशेष रूप से इस बात पर चर्चा हुई कि संस्थान की परिसीमा पर चहारदीवारी का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की बाहरी गतिविधियों या अवांछनीय हस्तक्षेप को रोका जा सके।

वाइस चांसलर प्रोफेसर इन्द्रनील मन्ना ने इस अवसर पर जिला प्रशासन से सहयोग की मांग करते हुए कहा कि छात्रों की सुरक्षा और शैक्षणिक वातावरण को सुरक्षित रखने हेतु यह एक अत्यंत आवश्यक कदम है।

इस पर डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित कार्यों में तेजी लाते हुए यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने भूमि संबंधी किसी भी प्रकार की कानूनी या प्रशासनिक अड़चन को समय रहते सुलझाने का भी सुझाव दिया।

Share.
Exit mobile version