Jharkhand News: पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत मानगो के बालिगुमा बगान क्षेत्र में बन रही पीसीसी सड़क की गुणवत्ता को लेकर गुरुवार की सुबह बड़ा प्रशासनिक कदम देखने को मिला। स्थानीय लोगों द्वारा निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जाने के बाद डीसी अनन्य मितल ने मौके पर कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन सड़क को जेसीबी मशीन से तुड़वाने का आदेश दिया।
यह मामला तब सामने आया जब पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह ने डीसी को शिकायत देकर अवगत कराया कि सड़क निर्माण में भारी अनियमितता की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो सड़क की मोटाई मानकों के अनुसार रखी जा रही है और न ही गुणवत्ता युक्त सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। विकास सिंह ने यह भी कहा कि निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार की बू साफ झलक रही है, जिससे भविष्य में जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
शिकायत के बाद डीसी अनन्य मितल ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित विभाग की एक टीम को मौके पर भेजा। जांच में पाया गया कि वाकई निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग हो रहा था और तय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए डीसी ने तत्काल पूरी सड़क को जेसीबी मशीन से तोड़वाने का निर्देश दिया।
डीसी ने स्पष्ट किया कि किसी भी सरकारी योजना में भ्रष्टाचार और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि दोबारा सड़क का निर्माण प्राक्कलन के अनुसार ही किया जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।



