अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची का नाम एक बार फिर खेल की दुनिया में रोशन हुआ है। DAV पब्लिक स्कूल, हेहल के 17 निशानेबाजों ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ईस्ट ज़ोन शूटिंग चैम्पियनशिप-2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 14 पदक अपने नाम किए। इनमें 6 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर स्थित सनबीम एकेडमी में आयोजित हुई, जिसमें झारखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के करीब 150 शीर्ष खिलाड़ी शामिल हुए। प्रतियोगिता में सीबीएसई ऑब्ज़र्वर के रूप में मनीषा रानी मौजूद रहीं।
टीम इवेंट में अंडर-19 बॉयज़ (पीप साइट राइफल) श्रेणी में सूरज प्रताप सिंह, वेद शाहदेव और आयुष कुमार ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं, अंडर-19 गर्ल्स (पीप साइट राइफल) में अन्वेषा तिवारी, सृष्टि प्रिया और उन्नति बाघवार ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। अंडर-17 बॉयज़ श्रेणी में अवतार आनंद राज, यथार्थ पराशर और नितिन राज ने रजत पदक हासिल किया।
व्यक्तिगत मुकाबलों में सृष्टि प्रिया (अंडर-19 गर्ल्स) ने रजत, उन्नति बाघवार (अंडर-19 गर्ल्स) और तनु वर्मा (अंडर-17 गर्ल्स) ने कांस्य, सूरज प्रताप सिंह (अंडर-19 बॉयज़) ने रजत और अवतार आनंद राज (अंडर-17 बॉयज़) ने कांस्य पदक जीता।
विद्यालय के प्राचार्य एवं सह-सहायक क्षेत्रीय अधिकारी (DAV पब्लिक स्कूल्स, झारखंड ज़ोन-जी) बिपिन राय ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और अनुशासित तैयारी का नतीजा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों और सहयोगी शिक्षकों एसएम अज़ीम, संजय मंडल, प्रोलय करमाकर और सुशांति टोपनो को बधाई दी।

