Dausa, (Rajasthan): राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार की आधी रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर कैलाई गांव के पास तेज रफ्तार कार और ट्रेलर के बीच हुई भीषण भिड़ंत में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

हादसा रात करीब 12 बजे के आसपास का बताया जा रहा है। चश्मदीदों के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू वाहन सड़क का डिवाइडर पार करते हुए दूसरी तरफ जा पहुंचा और सामने से आ रहे भारी ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार मलबे में तब्दील हो गई और उसमें सवार लोग भीतर ही बुरी तरह फंस गए।

इस खबर को भी पढ़ें : कोटा में मातम: भरभरा कर गिरी 3 मंजिला इमारत, छात्र समेत 2 की मौ’त!

हादसे की जानकारी मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार के गेट काटकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य घायल युवक का इलाज फिलहाल अस्पताल में जारी है, जिसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस ने सभी शवों को सिकंदरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतकों की शिनाख्त की जा रही है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुचारु कराया।

शुरुआती जांच में पुलिस हादसे की वजह तेज रफ्तार को मान रही है। अधिकारियों ने हाईवे पर लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे हाईवे पर गति सीमा का पालन करें ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।

Share.
Exit mobile version