Palamu : बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री डेजी शाह रविवार को पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर पहुंचीं। उनके स्वागत के लिए पलामू चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की महिला विंग की अध्यक्ष प्रियंका सिंघानिया, सचिव शिखा अग्रवाल, प्रोजेक्ट चेयरमैन टीना आनंद समेत कई सदस्य मौजूद रहीं।

गांधी मैदान में आयोजित डांडिया महोत्सव के दूसरे दिन डेजी शाह अपनी प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक आयोजित होगा। इससे पहले महोत्सव के पहले दिन सोशल मीडिया स्टार अंजलि अरोड़ा ने दर्शकों को खूब झुमाया था।

इस महोत्सव का उद्घाटन राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, सांसद विष्णु दयाल राम, पांकी विधायक शशिभूषण मेहता और प्रथम महापौर अरुणा शंकर ने किया था।

डेजी शाह रविवार को रांची एयरपोर्ट पर उतरीं, जहां से वे सड़क मार्ग से मेदिनीनगर पहुंचीं। उनके आगमन को लेकर शहर में खासा उत्साह देखा गया। होटल पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।

डेजी शाह पहली बार पलामू आई हैं। उन्होंने बॉलीवुड में सलमान खान के साथ कई फिल्मों में काम कर लोकप्रियता हासिल की है। उनके आगमन से डांडिया महोत्सव में लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई है। खासकर महिलाओं और युवाओं में उनके लाइव परफॉर्मेंस को लेकर जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है।

Share.
Exit mobile version