अपनी भाषा चुनेें :
India News: दक्षिण भारत इन दिनों बदलते मौसम के मूड से परेशान है। बंगाल की खाड़ी में बन रही दो सिस्टमों में से एक तेजी से चक्रवाती तूफान में तब्दील हो रही है, जिसका नाम रखा गया है—सेन्यार। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में इसकी रफ्तार 60 से बढ़कर 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। यह पश्चिम–उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और 29–30 नवंबर के आसपास तमिलनाडु या आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है।
तमिलनाडु और पुडुचेरी में स्कूल–कॉलेज बंद
आईएमडी ने 26 और 27 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसी खतरे को देखते हुए चेन्नई, तंजावुर, मयिलादुथुराई और कई तटीय जिलों के साथ पुडुचेरी में भी ज्यादातर स्कूल और कॉलेज आज बंद रखने का फैसला लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सबसे पहले है, इसलिए सतर्कता बढ़ा दी गई है।
चार राज्यों में बढ़ेगी बारिश और गरज–चमक
मौसम मॉडल दिखा रहे हैं कि तूफान सेन्यार 29–30 नवंबर के आसपास तमिलनाडु या आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। अगले 48 घंटे इसके रास्ते को तय करेंगे।
26 से 29 नवंबर के बीच इन राज्यों में लगातार बारिश और कई जगह बिजली गिरने की आशंका जताई गई है—
• तमिलनाडु
• आंध्र प्रदेश
• केरल
• पुडुचेरी
28 और 29 नवंबर से बारिश थोड़ी कम होने की उम्मीद है, लेकिन तब तक तटीय इलाकों में तेज हवाएं और समुद्र में उफान जारी रहने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में एक और सिस्टम भी सक्रिय
चक्रवात के साथ ही बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में एक निम्न दबाव क्षेत्र भी बन रहा है। इससे दक्षिण भारत के कई हिस्सों में अतिरिक्त नमी पहुंचेगी, जिसके कारण बारिश का दायरा और बढ़ सकता है।
मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने और लोगों को घर से बाहर निकलते समय खास सावधानी बरतने की सलाह दी है।

