अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : जिला प्रशासन ने सुशासन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए एक सराहनीय पहल शुरू की है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशन में हर मंगलवार को जिले के सभी अंचलों में जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इस मंच का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान करना है।
जनता दरबार में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, पंजी-2 सुधार, प्रमाण पत्र निर्गत, वृद्धावस्था पेंशन, मनरेगा भुगतान, कृषि ऋण माफी, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसी शिकायतें लेकर लोग पहुँचे। इनमें से कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान किया गया। उदाहरणस्वरूप, अनगड़ा प्रखंड की सावित्री कुमारी और सीमा महतो का जाति सुधार तत्काल किया गया, जबकि बड़ागई के प्रियांशु शेलिना को उसी समय लगान रसीद निर्गत कर दी गई। इससे लोगों ने खुले दिल से जिला प्रशासन की प्रशंसा की।
कांके अंचल में कुल 27 मामले और रातु अंचल में 81 मामले उसी दिन निपटा दिए गए। इसी तरह मांडर और सिल्ली अंचल में भी सैकड़ों लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हुआ। खासकर वृद्धजनों, महिलाओं और दिव्यांगों की शिकायतों को प्राथमिकता दी गई।

