Ranchi : राजधानी रांची में पुलिस ने एक आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उप-महानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को खबर मिली कि ग्राम नीचे कुदलौग निवासी साधो मुंडा (पिता मंगरा पाहन) की हत्या की योजना कुछ अपराधियों द्वारा जमीन विवाद को लेकर बनाई जा रही है।
इस जानकारी पर पुलिस उप-महानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक ने तुरंत एक विशेष टीम गठित कर अपराधियों को पकड़ने का निर्देश दिया। इस टीम में पु.अ.नि. प्रवीण कुमार (नगड़ी थाना प्रभारी), पु.अ.नि. अभिषेक कुमार (खेलगांव थाना प्रभारी), पु.अ.नि. गणेश कुमार यादव (विधानसभा थाना प्रभारी) तथा सशस्त्र बल शामिल थे।
टीम जब ग्राम नीचे कुदलौग पहुंची, तो वहां दो मोटरसाइकिल पर सवार चार अपराधकर्मी पहले से मौजूद मिले। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन अपराधियों ने अचानक पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस बीच अपराधी मौके से भाग निकले।
इस घटना के बाद विधानसभा थाना कांड संख्या 55/25, दिनांक 01.08.2025, धारा 109(1)/3(5) BNS एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के क्रम में पुलिस ने ग्राम बालालौंग से दो अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान इस प्रकार है –
- हारिस अंसारी उर्फ जहूर अंसारी, पिता- हसन अंसारी, ग्राम मोरो, थाना इटकी।
- समाउल अंसारी उर्फ साहिल अंसारी उर्फ छोटू, पिता- शमसुद्दीन अंसारी, ग्राम होसिर, थाना कांके।
पुलिस ने उनके पास से लाल रंग की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01GA 0895) भी जब्त की है, जिसका उपयोग अपराधकर्मी वारदात में करने वाले थे। छापामारी दल में विधानसभा थाना प्रभारी गणेश कुमार यादव के नेतृत्व में पु.अ.नि. चंडी प्रकाश, स.अ.नि. मोहन चंद्र किस्कु, स.अ.नि. फिरोज खान और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में एक बड़ी वारदात होने से टल गई और लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।



