Ranchi : राजधानी रांची के चर्चित कुरकुरे उर्फ साहिल हत्याकांड मामले में पुलिस ने एक और सफलता हासिल की है। हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र की पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके साथ ही अब तक इस प्रकरण में कुल आठ लोग जेल की सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।

आज गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान मोहम्मद फैजान अहमद उर्फ लोढ़ा अहमद (पिता–मोहम्मद नेहाल, पता–नदी ग्राउंड, तंजीम नगर, आदिवासी मैदान के पास, हिंदपीढ़ी) और अथार तौहीद (पिता–इशारादुल जमान, पता–मदीना मस्जिद के पास, लेह कोठी रोड, भट्टी चौक, हिंदपीढ़ी) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने जानकारी दी कि पुलिस लगातार इस मामले में आरोपितों और उन्हें पनाह देने वालों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को शरण देने या संरक्षण देने वाले भी बख्शे नहीं जाएंगे। अब तक मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। ताजा गिरफ्तारी के बाद जेल जाने वालों की संख्या आठ हो गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस टीम अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और तकनीकी जांच के साथ-साथ स्थानीय सूत्रों की मदद से सुराग जुटाए जा रहे हैं। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा और जल्द ही बाकी अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share.
Exit mobile version