Ranchi : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने झारखंड प्रदेश के लिए महेंद्र पाठक को दूसरी बार सर्वसम्मति से राज्य सचिव चुना है। मंगलवार को राजधानी रांची में आयोजित भाकपा राज्य परिषद के आठवें राज्य सम्मेलन में उनका चयन किया गया।
सचिव चुने जाने के बाद महेंद्र पाठक ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया और कहा कि झारखंड की जनता की समस्याओं को लेकर आने वाले दिनों में जनआंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकसभा, विधानसभा, पंचायत और नगर निगम के चुनाव में सक्रिय रूप से भाग लेगी और कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने झारखंड में वामपंथी विकल्प को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
सम्मेलन के तीसरे दिन राज्य के जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा, खनिज संपदाओं के अंधाधुंध दोहन पर रोक, वित्त रहित शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने जैसे प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद नागेंद्र नाथ ओझा और रामकृष्ण पांडा ने भी झारखंड में भाकपा को मजबूत बनाने की वकालत की। सम्मेलन की अध्यक्षता पशुपति कॉल, पीके पांडे, सोनिया देवी और रामस्वरूप पासवान ने की। इसमें राज्य भर से सैकड़ों प्रतिनिधि शामिल हुए।
सम्मेलन में पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता, कृष्णा कुमार मेहता, अनिरुद्ध कुमार, अंबुज ठाकुर, डॉ. पीयूष, मेवा लाल प्रसाद, गणेश महतो, लखनलाल महतो सहित कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।



