Ranchi News : बकरीद पर्व को लेकर रांची नगर निगम ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाया है। इस अभियान की कमान अपर प्रशासक संजय कुमार ने संभाली है, जिन्होंने 06 जून 2025 को रांची नगर निगम के अधिकारियों, फील्ड स्टाफ और संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक कर साफ-सफाई कार्यों को प्रभावी तरीके से अमल में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को यह निर्देश दिया कि बकरीद पर्व से पहले मस्जिदों और उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष रूप से स्वच्छता अभियान चलाया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी धार्मिक स्थलों पर साफ-सुथरा वातावरण रहे ताकि लोग शांतिपूर्ण और स्वच्छ वातावरण में पर्व मना सकें।

100 मस्जिदों की हुई पहचान

अपर प्रशासक श्री कुमार ने बताया कि निगम क्षेत्र के अंतर्गत लगभग 100 मस्जिदें चिन्हित की गई हैं, जहां विशेष अभियान के तहत सफाई का कार्य किया जाएगा। इन स्थलों के साथ-साथ आस-पास के मोहल्लों, गलियों और संपर्क मार्गों को भी पूरी तरह साफ किया जा रहा है।

चार जोनल में स्वच्छता टीमें गठित

अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निगम क्षेत्र को चार अलग-अलग जोनों में विभाजित किया गया है और प्रत्येक जोन के लिए एक विशेष निगरानी टीम गठित की गई है। ये टीमें फील्ड में जाकर स्थिति का निरीक्षण कर रही हैं और सुनिश्चित कर रही हैं कि कार्य सही दिशा में और समयबद्ध रूप से पूरा हो।

नालियों और सड़कों की सफाई

स्वच्छता शाखा की टीमों को मैनुअल और मैकेनाइज्ड दोनों तरीकों से सफाई कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नालियों की सफाई, ब्लॉक हो चुके सीवरेज की मरम्मत और सड़कों से कूड़ा-कचरा हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।

फील्ड विजिट और निगरानी

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी अधिकारियों को फील्ड विजिट कर प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा करनी होगी। कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और आम जनता को किसी असुविधा से बचाने के लिए निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।

बिजली विभाग को विशेष निर्देश

बिजली शाखा के अधिकारियों को यह निर्देश दिए गए कि मस्जिदों और उनके आसपास के क्षेत्रों में किसी भी तरह की जर्जर विद्युत लाइनों की तुरंत मरम्मत की जाए। साथ ही त्योहार के समय किसी भी विद्युत बाधा से निपटने के लिए फील्ड टीमें अलर्ट मोड में रहें।

नगर निगम की पूरी टीम सक्रिय

रांची नगर निगम की पूरी टीम-कार्यालय प्रमुख, नगर प्रबंधक, सफाई सुपरवाइजर, सैनिटरी सुपरवाइजर और मेसर्स स्वच्छता कॉर्पोरेशन सक्रिय रूप से इस अभियान में भाग ले रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश हैं कि वे व्यक्तिगत रूप से सफाई व्यवस्था की निगरानी करें और आम जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करें।

जनता से भी सहयोग की अपील

अपर प्रशासक ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में प्रशासन को सहयोग करें, खुले में कचरा न फेंके और नगर निगम द्वारा स्थापित कचरा पात्रों का उपयोग करें। इसके साथ ही उन्होंने त्योहार को स्वच्छ और शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की।

Share.
Exit mobile version