Patna News: बिहार में नए साल की शुरुआत जबरदस्त ठंड, घने कोहरे और शीतलहर के साथ हुई है। ठिठुरन भरी सर्दी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के सभी 38 जिलों में कोहरा और कोल्ड डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार 5 जनवरी तक ठंड से किसी तरह की राहत मिलने के आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में कई जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। जनवरी माह के पूर्वानुमान में पश्चिमी और पूर्वी चंपारण से लेकर गया, औरंगाबाद, नवादा और जहानाबाद तक लगातार शीतलहर बने रहने की संभावना जताई गई है।

इस खबर को भी पढ़ें : Bihar Weather: 1 जनवरी तक नहीं मिलेगी राहत, कोहरे की चादर में लिपटा बिहार

दक्षिण बिहार में सर्द पछुआ हवाओं के चलने से ठंड का असर और तेज हो गया है। बीते 24 घंटे में राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। करीब 20 जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया, जिससे कनकनी काफी बढ़ गई।

हालांकि कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी से दिन में थोड़ी राहत मिली, लेकिन उत्तर बिहार के जिलों में दिनभर घना कोहरा छाया रहा। धूप कभी निकलती तो कभी गायब हो जाती, जिससे ठंड का असर बना रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक छपरा और मधुबनी भीषण शीत दिवस की चपेट में रहे, जबकि भागलपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में भी कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। जहानाबाद, बेगूसराय, भागलपुर और खगड़िया में हालात और गंभीर रहे, जहां दृश्यता घटकर 10 मीटर से भी कम दर्ज की गई।

इस खबर को भी पढ़ें : बिहार में पहाड़ों वाली ठंड: कांपी राजधानी; गया में 8 डिग्री पहुंचा पारा, स्कूल बंद

भागलपुर में दृश्यता केवल 20 मीटर तक सिमट गई, जबकि सिवान के जीरादेई में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंड और कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर रात बाहर निकलने से बचने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

Share.
Exit mobile version