अपनी भाषा चुनेें :
U.P. News: संगम की रेती पर सजे माघ मेले में शनिवार को नजारा भक्ति और शक्ति के संगम जैसा था। जगद्गुरु रामानंदाचार्य जी के 726वें प्राकट्य महोत्सव में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने चिर-परिचित ‘कड़क’ अंदाज में नजर आए। बाबा ने बिना नाम लिए उन लोगों की जमकर खबर ली जो खुद को सेकुलरिज्म का ठेकेदार बताते हैं। मुख्यमंत्री ने सीधे लफ्जों में कहा कि जो लोग हर बात पर छाती पीटते हैं, आज बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे जुल्म पर उनके मुंह पर ‘फेविकोल और टेप’ चिपक गया है।
“बंटोगे तो कटोगे” का दिया बड़ा संकेत?
मुख्यमंत्री ने चेताया कि जाति और मजहब के नाम पर समाज को बांटना सर्वनाश की तरफ ले जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि आज जो हाल हम पड़ोसी देश बांग्लादेश में देख रहे हैं, वह हमारे लिए एक गंभीर चेतावनी है। योगी जी ने सवाल उठाया कि आखिर क्यों वहां दलितों और हिंदुओं को काटे जाने पर ये सेकुलर जमात चुप्पी साधे बैठी है? उन्होंने कहा, “वहां की आग पर कोई कैंडल मार्च नहीं निकल रहा, क्योंकि इनकी दुकान सिर्फ सनातन धर्म को तोड़ने से चलती है।”
अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
प्रयागराज की पावन धरा से सीएम ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए जिन्हें सिर्फ अपना परिवार दिखता था, वे आज फिर नए-नए नारे लेकर समाज को बांटने निकलेंगे। लेकिन जनता को यह नहीं भूलना चाहिए कि मौका मिलते ही ये लोग फिर से दंगे और अराजकता की आग में प्रदेश को झुलसाएंगे। उन्होंने संतों का आह्वान किया कि दारागंज में भगवान रामानंदाचार्य का भव्य स्मारक और मंदिर बने, इसमें सरकार पूरी मदद करेगी।
डबल इंजन सरकार और सनातन का झंडा
योगी जी ने राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे आज अयोध्या में धर्म की ध्वजा फहरा रही है, वैसे ही पूरी दुनिया में सनातन का डंका बजेगा। उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी जी ने ‘नमामि गंगे’ से जो सेवा की है, उसका फल है कि आज संगम का जल आचमन लायक है। माघ मेले की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए उन्होंने बताया कि एक हफ्ते में एक करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु पुण्य की डुबकी लगा चुके हैं। अंत में उन्होंने हुंकार भरी कि अगर हम एकजुट रहे, तो किसी की मजाल नहीं कि वो किसी हिंदू की तरफ आंख उठाकर भी देख सके।
इस खबर को भी पढ़ें : योगी सरकार में शामिल हो सकते हैं कुछ नए चेहरे, कोर कमेटी ने की चर्चा



