अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: झारखंड के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा की तबीयत खराब होने की खबर के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची के क्यूरेस्टा अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना। उन्होंने विमल लकड़ा के इलाज में जुटे डॉक्टरों से मुलाकात कर स्वास्थ्य स्थिति और दी जा रही चिकित्सा सेवाओं के बारे में जानकारी ली।
सीएम ने मौके पर विमल लकड़ा की कुशलता के लिए मरांग बुरु (आदिवासी देवता) से प्रार्थना की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूर्व खिलाड़ियों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है।
मुख्यमंत्री की घोषणा: राज्य में बनेगा न्यूरो रिहैबिलिटेशन सेंटर
मुख्यमंत्री ने विमल लकड़ा की स्थिति को देखते हुए एक अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि झारखंड में जल्द ही न्यूरो रिहैबिलिटेशन सेंटर की स्थापना की जाएगी ताकि न्यूरोलॉजिकल बीमारियों से पीड़ित मरीजों को बाहर इलाज के लिए न जाना पड़े। यह पहल राज्य के चिकित्सा ढांचे को और मजबूत करेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर सुधार की दिशा में काम कर रही है और जल्द ही राज्यवासियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
डॉक्टरों की टीम ने दी स्वास्थ्य जानकारी
अस्पताल में विमल लकड़ा का इलाज कर रहे डॉक्टर संजय कुमार ने बताया कि उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और संभावना है कि अगले 3-4 दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। डॉ. कुमार ने कहा कि विमल लकड़ा के सिर में खून के थक्के जमा हो गए थे, जिसकी वजह से उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया था।
खेत में काम करते समय हुआ हादसा
विमल लकड़ा, जो सिमडेगा जिले के रहने वाले हैं, लगभग एक महीने पहले खेत में काम करते समय अचानक गिरकर बेहोश हो गए थे। उन्हें पहले सिमडेगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रांची रेफर कर दिया गया। क्यूरेस्टा अस्पताल में उनके सिर में ब्लड क्लॉट पाया गया था।
खेल जगत में संवेदना की लहर
विमल लकड़ा के बीमार होने की खबर सामने आने के बाद झारखंड के खेल जगत और आम जनमानस में चिंता की लहर है। सोशल मीडिया पर लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मौके पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हम सभी उनकी जल्द रिकवरी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
सीएम की संवेदनशीलता की सराहना
डॉ. संजय कुमार ने मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन राज्य के हर नागरिक और खिलाड़ी के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सतत प्रयत्नशील रहते हैं। उनकी उपस्थिति से मरीज और परिजन दोनों को मनोबल मिला है।

