Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज 301 नव-नियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे। झारखंड मंत्रालय में आयोजित समारोह में गणित एवं विज्ञान विषयों के 131 स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य तथा गोड्डा जिले के कक्षा 1 से 5 तक के 170 इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा में कमी का खामियाजा आने वाली पीढ़ी को भुगतना पड़ता है। “आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए हर संभव कोशिश करते हैं। आपको जो जिम्मेदारी दी जा रही है, वह आम जनता के टैक्स से मिले वेतन के साथ जुड़ी है। इसलिए अपने कर्तव्य का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें,” उन्होंने कहा।
इस अवसर पर मंत्री संजय प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, शिक्षा सचिव उमा शंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्राथमिक शिक्षा निदेशक मनोज रंजन सहित बड़ी संख्या में नए सहायक आचार्य और उनके परिजन मौजूद रहे। समारोह में शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए शिक्षकों के सुझावों को आमंत्रित करने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।



