अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chaibasa News: राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाईबासा की ओर से रविवार को शाहिद पार्क में मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को मतदान के महत्व से अवगत कराना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर तथा सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया। सुबह के समय पार्क में टहलने आए अभिभावकों और नागरिकों को अधिकार मित्र सूरज कुमार ठाकुर ने एकत्रित कर राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने मतदाता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत किया जाता है।
अभियान के दौरान नागरिकों को अपने 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के बच्चों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सभी पात्र नागरिकों से अपील की गई कि वे मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराएं और लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।
अधिकार मित्र सूरज कुमार ठाकुर ने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। उन्होंने लोगों से जाति, धर्म, लिंग अथवा किसी भी प्रकार के भेदभाव से ऊपर उठकर निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र की मजबूती हर एक वोट पर निर्भर करती है और अधिकतम मतदाता पंजीकरण व मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार लगातार प्रयासरत है।
