रांची। दिव्यांग बच्चों का जिला स्तरीय खेलकूद एवं शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम 25 फरवरी 2025 मंगलवार को झारखंड शिक्षा परियोजना के समावेशी शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित किया गया। यह आयाेजन ओरमांझी के चकला स्थित मध्य विद्यालय के प्रांगण में समग्र शिक्षा कार्यक्रम अंतर्गत संपन्न हुआ जिसमेें 19 प्रखंड संसाधन केंद्र के लगभग 200 दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कक्षा 1 से 5 के लिए एक समूह एवं कक्षा 6 से 8 के लिए दूसरा समूह बनाकर पेंटिंग, एप्पल रेस, बॉल थ्रो, म्यूजिकल चेयर जैसी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिले क़े सभी प्रखंडों से लगभग 50 दिव्यांग बच्चों के अभिभावक भी इस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और उन्होंने ऐसे कार्यक्रम की सराहना भी की। इस दौरान जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, ओरमांझी प्रखंड के उप प्रमुख मोहम्मद रिजवान अंसारी, विधायक शिक्षा प्रतिनिधि तोहिद आलम एवं प्रखंड के अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
बिरसा मुंडा जैविक उद्यान का शैक्षणिक भ्रमण
जिला स्तरीय खेलकूद के बाद सभी बच्चे और अभिभावक ने भगवान बिरसा मुंडा जैविक उद्यान का शैक्षणिक भ्रमण किया। सभी प्रखंड के बच्चे एवं उनके अभिभावक जैविक उद्यान का भ्रमण कर बहुत खुश दिखे। उनके लिए यह पहला मौका था, जब जैविक उद्यान के अंदर विभिन्न प्रकार के जीव-जंतुओं को देख रहे थे। इस बीच उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों का आनंद लिया। साथ ही, जीव-जंतुओं की जानकारी प्राप्त की।



