अपनी भाषा चुनेें :
Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शुक्रवार को जैप-1 ग्राउंड, डोरंडा, रांची में आयोजित 20वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट-2025 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस विभाग के उत्कृष्ट कार्यों और अनुसंधान उपलब्धियों के लिए चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग किसी भी राज्य की रीढ़ होता है। राज्य में विकास के साथ-साथ अपराध और चुनौतियों की प्रकृति भी बदलती जाती है, ऐसे में पुलिस बल को समयानुसार तकनीकी रूप से दक्ष और सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तकनीकी युग में पुलिस बल की दक्षता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। सरकार का उद्देश्य है कि झारखंड पुलिस को अत्याधुनिक संसाधनों, उपकरणों और प्रशिक्षण के माध्यम से देश की सबसे कुशल पुलिस बलों में शामिल किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आज का समय चुनौतियों का दौर है, ऐसे में पुलिस कर्मियों को नई तकनीक, अनुसंधान और आधुनिक उपकरणों के उपयोग में निपुण होना चाहिए। हमारी सरकार पुलिस विभाग को और अधिक दक्ष, सक्षम और संवेदनशील बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।”
उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में सफलता के साथ-साथ भागीदारी भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं उन सभी पुलिसकर्मियों और अनुसंधानकर्ताओं को बधाई देता हूं जिन्होंने अपने परिश्रम और ईमानदारी से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। मुझे उम्मीद है कि वे आने वाले समय में राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन करेंगे।”
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि 20वीं राज्य पुलिस ड्यूटी मीट में शामिल सभी प्रतिभागी अपने अनुभवों और सीखों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लागू करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि चयनित प्रतिभागी अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट-2025 में हिस्सा लेकर झारखंड का गौरव बढ़ाएंगे।
समापन समारोह में डीजीपी अनुराग गुप्ता, एसीबी की अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दूबे, अपराध अनुसंधान के पुलिस महानिरीक्षक मनोज कौशिक तथा पुलिस विभाग के वरीय एवं कनीय अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

