Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने आज झारखंड विधानसभा में महाधिवक्ता राजीव रंजन द्वारा लिखित पुस्तक “बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग देवघर – A TOUCH OF THE DIVINE (दिव्यता का स्पर्श)” का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लेखक को बधाई देते हुए कहा कि यह पुस्तक झारखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

पुस्तक में बाबा बैद्यनाथ धाम की ऐतिहासिकता, प्राचीनता और पौराणिक महत्व के साथ-साथ धार्मिक आस्था एवं सांस्कृतिक परंपराओं का विस्तृत उल्लेख किया गया है। इसमें वैधानिक और सामाजिक दृष्टिकोण से भी मंदिर की महत्ता को विस्तार से समझाया गया है।

लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सचिव अरवा राजकमल, मुख्यमंत्री के वरीय आप्त सचिव सुनील श्रीवास्तव, अपर महाधिवक्ता अच्युत केशव और राजकीय अधिवक्ता मनोज कुमार सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

यह पुस्तक न केवल बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग की दिव्यता का परिचय कराती है, बल्कि श्रद्धालुओं और पाठकों को इसकी गहराई से जुड़ी ऐतिहासिक व आध्यात्मिक यात्रा पर भी ले जाती है।

Share.
Exit mobile version