Ranchi News : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजधानी रांची को एक महत्वपूर्ण सौगात देते हुए सिरमटोली चौक से राजेन्द्र चौक होते हुए मेकॉन गोलचक्कर तक बने अत्याधुनिक फोरलेन फ्लाईओवर/एलिवेटेड रोड सह आरओबी का उद्घाटन किया। इस परियोजना का नामकरण झारखंड के महान सपूत एवं स्वतंत्रता सेनानी दिवंगत कार्तिक उरांव जी के नाम पर किए जाने की भी घोषणा की गई।
इस फ्लाईओवर के शुरू होने से रांची के नागरिकों को भारी ट्रैफिक जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में सुगम यातायात की दिशा में यह एक मील का पत्थर साबित होगा। इससे न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि ईंधन की भी बचत होगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में राज्य सरकार कर रही ठोस पहल
योजनाओं को तेजी से उतारा जा रहा है धरातल पर
मुख्यमंत्री ने कहा राज्य में कई योजनाओं को तेज गति से धरातल पर उतारा जा रहा है। चाहे वह शिक्षा हो, महिलाओं का सशक्तिकरण हो या शहरों की आधारभूत संरचना, हर दिशा में काम हो रहा है। मुख्यमंत्री मंईयां योजना, ग्रामीण स्कूलों के आधुनिकीकरण और सड़कों के निर्माण जैसे कदम राज्य को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा हम दूसरी जगहों की व्यवस्थाओं को आंख मूंदकर नहीं अपना सकते, लेकिन वहां की बेहतर चीजों को अपने राज्य के माहौल के अनुसार अपनाना चाहिए।
राज्य की जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही
पर्यावरणीय संतुलन ही है विकास की कुंजी
मुख्यमंत्री ने कहा दुनिया भर में जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय संकट एक बड़ी चुनौती बन चुके हैं। प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग, जंगलों की कटाई और प्रदूषण मानव जीवन को खतरे में डाल रहे हैं। उन्होंने कहा अब वक्त आ गया है कि हम ऐसी चीजों का उपयोग करें जो पर्यावरण के लिए अनुकूल हों। हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखा जाए। केवल नियम-कानून नहीं, बल्कि व्यक्तिगत संकल्प और इच्छा शक्ति से ही हम इस संकट से उबर सकते हैं।
फ्लाईओवर और समारोह में प्रमुख लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार, संजय प्रसाद यादव, शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद महुआ माजी, विधायक अमित कुमार महतो, सुरेश बैठा, राज्य समन्वय समिति के सदस्य राजेश ठाकुर, मुख्य सचिव अलका तिवारी, डीजीपी अनुराग गुप्ता, प्रधान सचिव सुनील कुमार, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित कई वरीय अधिकारी और गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।



