Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने सोमवार को राज्य समन्वय समिति के सदस्य एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय के हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित आवास पहुंचकर उनकी माता जलेश्वरी देवी के निधन पर गहरी शोक संवेदना प्रकट की।

मुख्यमंत्री ने विनोद कुमार पांडेय और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया और इस दुखद घड़ी में धैर्य रखने की सलाह दी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

बताया गया कि जलेश्वरी देवी का निधन 12 अक्टूबर 2025 को हुआ था। उनके निधन से पांडेय परिवार और जेएमएम संगठन दोनों को गहरा आघात पहुंचा है। वे अपने पीछे चार पुत्रों और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।

मुख्यमंत्री और विधायक के आगमन पर स्थानीय कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

Share.
Exit mobile version