अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला/चैनपुर: चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में अब 24 घंटे डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस पहल शुरू हो गई है। शनिवार देर शाम सिविल सर्जन डॉ. शंभुनाथ चौधरी ने चैनपुर सीएचसी का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन अनुमंडल स्तरीय अस्पताल के कार्यों की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन ने मरीजों के इलाज के लिए उपयोग में लाए जा रहे पूरे परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने उपस्थिति पंजी, दवा स्टॉक रजिस्टर की जांच की और मौके पर मौजूद चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मीडिया से बातचीत में डॉ. चौधरी ने बताया कि चैनपुर सीएचसी का कार्यक्षेत्र काफी बड़ा है और 10 पंचायतों की आबादी यहां इलाज के लिए निर्भर है। डॉक्टरों की कमी के कारण अब तक मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की पहल पर चैनपुर सीएचसी को चार नए डॉक्टर उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक डॉक्टरों की सेवा सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक सीमित थी, लेकिन अब 24 घंटे रोस्टर ड्यूटी लागू करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे आपात स्थिति में भी मरीजों को इलाज मिल सके।
सिविल सर्जन ने निर्माणाधीन अनुमंडल स्तरीय अस्पताल के कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल जनता की सुविधा के लिए है और इसके संरक्षण में जनसहयोग भी जरूरी है।

