घाघरा/गुमला:- घाघरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात अवैध मवेशी तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। बजरंग दल के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता से दो कंटेनरों में क्रूरतापूर्वक लदे 52 काड़ा भैंसों को पकड़ा गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

घटना उस समय घटी जब बजरंग दल के सदस्य छठ मोहल्ला स्थित सूर्य मंदिर निर्माण को लेकर आयोजित बैठक से लौट रहे थे। इसी दौरान गुमला की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे दो कंटेनर घाघरा चांदनी चौक की दिशा में बढ़ रहे थे। तेज गति के कारण बजरंग दल के सदस्य बाल-बाल बच गए, जिससे उन्हें संदेह हुआ।

इसके बाद बजरंग दल के सदस्यों ने तत्काल घाघरा थाना प्रभारी को सूचना दी और ग्रामीणों के सहयोग से दोनों कंटेनरों का पीछा किया। देवाकी गांव के समीप कंटेनरों को रोककर जब जांच की गई, तो ऊपर से देखने पर उसमें बड़ी संख्या में काड़ा भैंसे अमानवीय तरीके से भरे हुए पाए गए। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही घाघरा थाना प्रभारी पुनीत मिंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों कंटेनरों को जब्त कर थाना ले आए। शनिवार को पुलिस ने इस मामले में संलिप्त पतागांई गांव निवासी मोहम्मद साबिद मीर को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी पुनीत मिंज ने बताया कि मवेशी तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है। यह घटना अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ स्थानीय लोगों की जागरूकता और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण है।

घाघरा से दीनदयाल राम की रिपोट 

Share.
Exit mobile version