Ranchi News: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा है कि देश में जातिगत जनगणना को मंजूरी मिलना कांग्रेस और खासकर राहुल गांधी की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय मोदी सरकार द्वारा तब लिया गया जब जनता की ओर से इस मुद्दे को लेकर भारी समर्थन सामने आया। इससे यह साबित हो गया है कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों के साथ खड़ी रहती है।

बंधु तिर्की ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष अब भी जारी है, जिसमें आरक्षण की सीमा को 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ाने की मांग प्रमुख है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह लक्ष्य भी जल्द ही पूरा होगा। उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना से सरकार को जमीनी हकीकत का पता चलेगा और इससे नीति निर्माण और कल्याणकारी योजनाओं को अधिक सटीकता से लागू किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ही एकमात्र ऐसे राजनीतिक मंच हैं जो आम जनता के मुद्दों को उठाते हैं। यह गठबंधन किसी एक व्यक्ति या विचार की उपज नहीं, बल्कि जनता की आवाज है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब भाजपा इस निर्णय को भुनाने की कोशिश करेगी, लेकिन देश की जनता अब जान चुकी है कि असली जनहितैषी कौन है।

बंधु तिर्की ने यह भी जानकारी दी कि आगामी 6 मई को रांची के पुराना विधानसभा मैदान में “संविधान बचाओ रैली” का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस रैली को लेकर आम लोगों में जबरदस्त उत्साह और समर्थन देखने को मिल रहा है, जो इस बात का संकेत है कि लोग अब संविधान और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हो रहे हैं।

Share.
Exit mobile version