Khunti : खूंटी जिले में लगातार हो रही बैट्री चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी की 31 बैट्री और अन्य सामान बरामद किया है। खूंटी के पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने बताया कि चोरी की घटना का खुलासा मात्र 12 घंटे में कर दिया गया।
घटना गत मंगलवार की रात की है, जब तोरपा में बैट्री चोरी कर कुछ अपराधी एक होंडा सिटी कार से रांची भाग रहे थे। एसपी के निर्देश पर तोरपा अंचल के सर्किल इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में तोरपा, रनिया, जरियागढ़ और मुरहू थाना तथा खादगढ़ा और रांची ओपी की पुलिस ने विशेष टीम गठित कर छापामारी की। इस कार्रवाई में कार मालिक शहादत अहमद उर्फ शाहिल को पकड़ा गया। उनकी निशानदेही पर वाहन से चोरी की गई 19 बैट्री बरामद की गई और तीन अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद मिन्हाज अंसारी उर्फ मीनू और मोहम्मद अकबर कुरैशी शामिल हैं। उनकी निशानदेही पर रांची के दीपाटोली, बांधगाड़ी स्थित कबाड़ी दुकान से 12 बैट्री बरामद की गई। एसपी ने बताया कि सभी आरोपियों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
इस अभियान में तोरपा, मुरहू, खूंटी और जरियागढ़ थानों के अधिकारी और रिजर्व गार्ड की टीम सक्रिय रूप से शामिल थी। पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई इलाके में सुरक्षा बढ़ाने और चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



