अपनी भाषा चुनेें :
Buxar (Bihar): नगर थाना क्षेत्र के केके मंडल महिला कॉलेज के पास रविवार की शाम एक बार फिर दहेज रूपी दानव ने एक हंसती-खेलती जिंदगी को लील लिया। 21 वर्षीय विवाहिता श्यामा कुमारी का शव उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटकता पाया गया। मायके वालों का सीधा आरोप है कि दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
भाई ने देखा रूह कंपा देने वाला मंजर
मृतका के भाई के अनुसार, जब वह सोहनीपट्टी स्थित श्यामा के ससुराल पहुँचा, तो उसकी बहन का शव दुपट्टे के फंदे के सहारे पंखे से झूल रहा था। आनन-फानन में उसने फंदा काटकर बहन को नीचे उतारा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने देखा कि शव पलंग पर रखा हुआ था। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
फोन पर कहा था- ‘मुझे मायके ले चलो’
मृतका के पिता कन्हैया पाण्डेय ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रविवार को ही श्यामा ने फोन कर रोते हुए मायके ले जाने की गुहार लगाई थी। उसने बताया था कि ससुराल वाले उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। इससे पहले कि पिता उसे लेने पहुँचते, उसकी मौत की खबर आ गई। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति राहुल चौबे और सास सीमा देवी उसे बुलेट और कैश के लिए प्रताड़ित कर रहे थे।
पति और सास सलाखों के पीछे
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी पति राहुल चौबे और सास सीमा देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि ननद की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल इस घटना के बाद से ही सोहनीपट्टी इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।



