India News: जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल करते हुए जैश-ए-मोहम्मद के सात संदिग्ध आतंकवादियों को ढेर कर दिया। यह कार्रवाई 8 मई की रात को करीब 11 बजे की गई, जब अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संदिग्ध गतिविधि देखी गई। बीएसएफ जवानों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की और घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया।

बीएसएफ जम्मू फ्रंटियर ने “एक्स” (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करके इस ऑपरेशन की पुष्टि की। उन्होंने लिखा, “8 मई 2025 को लगभग 2300 बजे, सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की बड़ी कोशिश को बीएसएफ ने विफल किया।”

सूत्रों के अनुसार, मारे गए आतंकियों के पास से हथियार, गोला-बारूद और संचार उपकरण बरामद किए गए हैं, जिनसे यह साबित होता है कि वे एक सुनियोजित हमले की तैयारी में थे। इन आतंकियों के जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़े होने का संदेह है।

यह घटना उस वक्त सामने आई है जब भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव तेजी से बढ़ रहा है। कुछ ही दिन पहले भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके में आतंकी शिविरों को निशाना बनाते हुए लगभग 100 आतंकियों को ढेर किया था। ये हमले पहलगाम आतंकी हमले की जवाबी कार्रवाई के तहत किए गए थे, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी।

इसके अलावा, रक्षा सूत्रों के अनुसार भारतीय सेना ने नौशेरा सेक्टर में दो पाकिस्तानी ड्रोन भी मार गिराए। इन घटनाओं के बीच नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगातार गोलाबारी की खबरें भी सामने आ रही हैं।

भारतीय सेना और BSF ने यह साफ कर दिया है कि राष्ट्र की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सीमा पर हर साजिश का जवाब उसी भाषा में दिया जाएगा।

नोट: इस खबरों की अभी तक कोई भी ऑफिसियल घोषणा/पुष्टि नहीं हुई है, अधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। भारतीय मीडियो चैनलों पर ऑनएयर हो रही खबरों के अनुसार इस खबर को प्रकाशित किया गया है।

Share.
Exit mobile version