Bokaro: शहर के सबसे व्यस्त सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में हथियार के बल पर लूट के प्रयास के सनसनीखेज मामले का बोकारो पुलिस ने पूरी तरह पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने देश के अलग-अलग राज्यों में छिपे दो आरोपियों को गुजरात के सूरत और कर्नाटक के बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है, जिन्हें ट्रांजिट रिमांड पर बोकारो लाया गया है। पकड़े गए अपराधियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई दो देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक अपाची मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
जानकारी के मुताबिक, 11 जनवरी 2026 को सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के तनिष्क शोरूम में अज्ञात अपराधियों ने हथियार लहराते हुए लूट की कोशिश की थी। इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जाल बिछाया और 2 मार्च 2026 को इन अपराधियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों में 22 वर्षीय शुभम कुमार को सूरत (गुजरात) से और 26 वर्षीय पंकज कुमार को बेंगलुरु (कर्नाटक) से पकड़ा गया है। ये दोनों आरोपी मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों ने तनिष्क शोरूम में लूट के प्रयास की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार शुभम कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर बिहार के विभिन्न थानों में कई संगीन मामले दर्ज हैं। पंकज कुमार का नाम भी कई आपराधिक कांडों में सामने आ चुका है।
इस हाई-प्रोफाइल केस में शामिल दो अन्य अपराधियों, प्रिंस कुमार और समशाद को पुलिस पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है। इस पूरे मामले को सुलझाने और आरोपियों की गिरफ्तारी में नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन के नेतृत्व में सेक्टर-4 थाना प्रभारी संजय कुमार और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब इनके अन्य नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।



