चैनपुर – प्रखंड स्तरीय आदि कर्म योगी की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन आज चैनपुर में किया गया। यह कार्यक्रम प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठ की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ ने दीप प्रज्वलित कर किया।बीडीओ ने बताया कि यह कार्यक्रम भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य सभी विभागों को एक साथ मिलकर काम करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि आज यहां प्रशिक्षण लेने वाले लोग अपने-अपने गांवों में जाकर दूसरों को प्रशिक्षित करेंगे। इस कर्मयोगी कार्यक्रम के तीन मुख्य उद्देश्य हैं: सेवा, संकल्प और समर्पण।उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण के लिए प्रखंड से तीन मास्टर ट्रेनर, जिनमें प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, बीपीएम और फिया फाउंडेशन के प्रखंड कोऑर्डिनेटर ललित कुमार महतो शामिल हैं, जिला स्तर पर प्रशिक्षण ले चुके हैं। अब वही मास्टर ट्रेनर यहां प्रशिक्षण देंगे।आगे, फिया फाउंडेशन के प्रखंड कोऑर्डिनेटर ललित कुमार महतो ने जानकारी दी कि यह एक महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रम है, जिसके तहत चैनपुर के सभी चिन्हित गांवों में एक सूचना केंद्र खोला जाएगा। इन केंद्रों में गांव के ही पढ़े-लिखे व्यक्ति, सेवानिवृत्त शिक्षक, वकील या फौजी को नोडल पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा।उन्होंने आगे बताया कि जब योजना बनेगी, तो उसे ग्राम सभा से पारित करके पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर भेजा जाएगा, जिसके बाद इसे राज्य पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। उन्होंने इस प्रशिक्षण में सभी की भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताया।ललित महतो ने यह भी बताया कि चैनपुर में यह प्रशिक्षण 1 और 2 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यशाला कौशल विकास भवन, चैनपुर में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।इस प्रशिक्षण में प्रखंड प्रमुख, प्रखंड पशुपालन अधिकारी, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, सभी मुखिया, उप-मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, फिया फाउंडेशन के प्रतिनिधि और जेएसएलपीएस के प्रतिनिधियों को शामिल होना है।

Share.
Exit mobile version