Lohardaga News: भारतीय जनता पार्टी जनजाति सुरक्षा मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को शहर के होटल नोवेल्टी सभागार में हुई। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष गणेश राम भगत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा नेता अजय पंकज, शनि उरांव, दिलीप भगत, लक्ष्मी नारायण भगत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए गणेश राम भगत ने कहा कि आदिवासी समाज का लगातार शोषण हो रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि आदिवासियों की जमीनें छीनने और उन्हें उनकी जड़ों से काटने की साजिश रची जा रही है। धर्मांतरण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह एक सुनियोजित षड्यंत्र है, जिसके जरिए आदिवासियों को उनकी संस्कृति और परंपराओं से दूर किया जा रहा है।

बैठक में वक्ताओं ने स्थानीय स्तर पर आदिवासी जमीनों पर कब्जे, बिचौलियों की भूमिका और सरकारी योजनाओं का लाभ वंचित परिवारों तक न पहुँच पाने जैसी समस्याओं को गंभीर चिंता का विषय बताया।

इस मौके पर निर्णय लिया गया कि जनजाति सुरक्षा मंच आने वाले दिनों में जनजागरण अभियान शुरू करेगा। इसके तहत संगठन गाँव-गाँव जाकर समाज को जागरूक करेगा और हर स्तर पर आदिवासी हक और पहचान की रक्षा करेगा। अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए लक्ष्मी नारायण भगत ने कहा कि संगठन की जड़ें अब और मजबूत होंगी और समाज के हर वर्ग को जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।

Share.
Exit mobile version