Patna News: बिहार में पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ते तापमान और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य के 28 जिलों के लिए वज्रपात, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। राजधानी पटना भी इस लिस्ट में शामिल है।
विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से नमी और चक्रवाती परिसंचरण के असर से राज्य का मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। सिवान और गोपालगंज जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही अधिसंख्य भागों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
रविवार को उत्तर बिहार के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 34.1 और न्यूनतम 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं गया में अधिकतम तापमान 35.1 और पूर्णिया में 35.4 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक उमस का असर और बढ़ सकता है, हालांकि मानसून के फिर से सक्रिय होने से लोगों को राहत भी मिल सकती है।
पूर्वी चंपारण में कल्याणपुर (90.2 मिमी), पीपराकोठी (82.4 मिमी) और कोतवा (48.2 मिमी) में भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं गोपालगंज, सीवान, शिवहर और खगड़िया में भी अच्छी बारिश हुई। उत्तर बिहार में जहां बाढ़ का खतरा बढ़ रहा है, वहीं दक्षिणी जिलों में वर्षा अपेक्षाकृत कम रही।



