Patna News: बिहार के सुपौल जिले में त्रिवेणीगंज-पिपरा मुख्यमार्ग एनएच-327 ई पर मंगलवार सुबह यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और लगभग बारह लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान महेशुआ पंचायत वार्ड नंबर 11 निवासी 38 वर्षीय संतोष राम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार संतोष राम अपनी पत्नी मंजू देवी के साथ इलाज के लिए चिकित्सक के पास जा रहे थे। हादसा उस समय हुआ जब बस त्रिवेणीगंज से सुपौल की ओर जा रही थी। बघला गांव के पास बस तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पानी से भरे खेत में पलट गई। टकराव के बाद गांववाले तुरंत मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर बस को सीधा किया। दबे हुए यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद क्रेन और जेसीबी की मदद से बस को खेत से बाहर खींचा गया।
घायल यात्री
घायलों में सरस्वती कुमारी, कृष्ण कुमार ठाकुर, रबीना खातून, मो. अरशद, आशु खातून, ईद मोहम्मद, सहनिया खातून, मंजू देवी, लक्ष्मण मेहता, अजय कुमार और राजा कुमार शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज भेजा गया।
घटना की सूचना पर एसडीपीओ विभाष कुमार और थानाध्यक्ष राकेश कुमार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेजा गया है। बस को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है।



