Patna News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए गठबंधन में सीट तालमेल को लेकर दिल्ली में बैठकों का सिलसिला तेज हो गया है। भाजपा, जदयू, लोजपा रामविलास, हम (हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) जैसे सभी घटक दलों के नेता दिल्ली पहुंच रहे हैं, जहां कोर ग्रुप की गहन बातचीत चल रही है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर कोर ग्रुप की अहम बैठक हुई और लोजपा के चिराग पासवान ने संसदीय बोर्ड बैठक रखी।
मांझी बोले- जितनी सीटें मिलेंगी उतने पर लड़ेंगे
इस बीच ‘हम’ प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने साफ कहा, ‘हम अनुशासित लोग हैं, जितनी सीटें मिलेंगी, उतना लड़ेंगे।’ उन्होंने यह भी बताया कि अंतिम फैसला दिल्ली में होने वाली बैठकों के बाद ही तय होगा और पार्टी नेतृत्व की बात माननी पड़ेगी। मांझी के बयान ने सीट बंटवारे पर संभावित विवाद को शांत किया है।
भाजपा बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि पार्टी ने पटना में तीन दिनों तक चुनाव समिति की बैठकें की, मौजूदा सीटों और 2020 में हारे क्षेत्रों के लिए प्राथमिकता पैनल तैयार किया गया है। पैनल पर दिल्ली में चर्चा होगी, इसके बाद केंद्रीय चुनाव समिति में सूची पेश की जाएगी और सीटों की अंतिम घोषणा संभव है।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, ‘सभी घटक दलों में बातचीत लगभग अंतिम चरण में है। जल्द ही सीट बंटवारे और उम्मीदवारों की सूची सामने आ जाएगी।’
जदयू कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने दावा किया, ‘बिहार में एनडीए एकतरफा जीत की ओर है। जनता नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा कर वोट दे रही है।’
चुनाव के माहौल में दिल्ली की बैठकें, घटक दलों के अलग-अलग बैठकें और मांझी की ‘अनुशासन’ वाली बयानबाजी से एनडीए संयोजन और परिणामों को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।



