अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: नालंदा जिले के बेन प्रखंड के नोहसा पंचायत अंतर्गत अमिया विगहा गांव के पशुपालक इन दिनों भय और चिंता के साये में जी रहे हैं। गांव में रहस्यमयी बीमारी तेजी से मवेशियों में फैल रही है, जिससे ग्रामीणों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के लगभग हर पशु में पित्ती जैसी बीमारी देखी जा रही है। मवेशियों की त्वचा पर दाने और सूजन उभर रही है, जो एक से दूसरे पशु में तेजी से फैल रही है। पशुपालक उमेश राम सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि इस बीमारी की वजह से मवेशियों की हालत लगातार बिगड़ रही है और यह उनके लिए आर्थिक संकट का कारण बन सकता है।
गांव वालों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या की जानकारी स्थानीय सरकारी अस्पताल और पशुपालन विभाग को दी है, लेकिन अब तक कोई चिकित्सकीय टीम जांच के लिए नहीं पहुंची। इससे ग्रामीणों की नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ती जा रही हैं।
पशुपालकों का कहना है कि यदि समय पर इलाज नहीं हुआ तो यह बीमारी महामारी का रूप ले सकती है और पूरे क्षेत्र को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग से तुरंत चिकित्सक टीम भेजने और प्रभावित पशुओं का इलाज कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि शीघ्र कदम उठाए बिना पशुपालन और उनकी आजीविका दोनों पर गंभीर संकट आ सकता है।

