Bihar News: भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मंगलवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। EOU की टीमों ने बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (BSIDC) के कार्यपालक अभियंता प्रमोद कुमार के पटना, सहरसा और सीतामढ़ी स्थित तीन ठिकानों पर एकसाथ छापा मारा।

इस कार्रवाई के दौरान EOU की छह टीमों ने भाग लिया—सीतामढ़ी में एक, सहरसा में तीन और पटना में दो टीमें सक्रिय रहीं। टीमों के साथ तकनीकी विशेषज्ञ और भारी संख्या में सुरक्षा बल भी तैनात किए गए।

EOU की प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि प्रमोद कुमार के पास उनकी ज्ञात आय से 309.61% अधिक संपत्ति है, जो संदेह के घेरे में है। इसी के आधार पर आर्थिक अपराध थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसकी पुष्टि 9 जुलाई को की गई।

अब तक की जांच में जमीन-जायदाद से संबंधित कागजात, बैंक स्टेटमेंट, निवेश दस्तावेज, और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। EOU अधिकारियों के अनुसार, डिजिटल डाटा की फॉरेंसिक जांच की जाएगी, जिसके बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई तय की जाएगी।

बिहार पुलिस मुख्यालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि यह छापेमारी मुख्यमंत्री के “भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन” के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम है। अधिकारी पर आगे की पूछताछ और आय के स्रोतों की गहराई से जांच की जाएगी।

Share.
Exit mobile version