Patna News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए गठबंधन में शामिल जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 57 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने कुछ नए चेहरों के साथ कई मौजूदा विधायकों और मंत्रियों पर भरोसा जताया है।
प्रमुख उम्मीदवारों को मिली टिकट
सूची के अनुसार, आलमनगर से नरेंद्र नारायण यादव, बिहारीगंज से निरंजन कुमार मेहता, मधेपुरा से कविता साहा, सिंघेश्वर से रमेश ऋषिदेव, और सोनबरसा से रत्नेश सदा को उम्मीदवार बनाया गया है।
मंत्री श्रवण कुमार को फिर से नालंदा, जबकि अनंत सिंह को मोकामा से टिकट दिया गया है। इसके अतिरिक्त बहादुरपुर से मदन सहनी, बरौली से मनजीत सिंह, कल्याणपुर से महेश्वर हजारी, वारिसनगर से मांजरिक मृणाल, और विजय चौधरी को सरायरंजन से चुनावी मैदान में उतारा गया है।
पूर्व मंत्री श्याम रजक को फुलवारी, हरिनारायण सिंह को हरनौत, अरुण मांझी को मसौढ़ी, और राधाचरण साह को संदेश विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है।
एनडीए में सीट बंटवारा तय
इससे पहले एनडीए गठबंधन में सीट बंटवारे का फार्मूला तय हो चुका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की JDU और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। वहीं, चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें दी गई हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) को छह-छह सीटें मिली हैं।
चुनाव की तारीखें
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे – पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को। मतगणना 14 नवंबर 2025 को की जाएगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, JDU अपनी शेष उम्मीदवार सूची कुछ दिनों में जारी करेगी, जिसमें महिला उम्मीदवारों और युवा चेहरों को प्राथमिकता दी जा सकती है।



