Koderma news: सतगावां थाना क्षेत्र के खुट्टा स्थित बरियारपुर तीखा मोड़ के समीप रविवार की देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। गया (बिहार) से एक बच्चे का मुंडन करवाने देवघर जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में वाहन बी.आर 02 कियू 3042 पर सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु रविवार शाम करीब 5 बजे गया से उत्साह के साथ बाबा बैजनाथ धाम के लिए निकले थे। रात के अंधेरे में बरियारपुर मोड़ के पास पहुंचते ही गाड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई। टक्कर की आवाज सुनाई दी, जिसे सुनकर स्थानीय ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े। वाहन चालक संजीव कुमार ने बताया कि सामने से आ रहे एक अन्य वाहन से बचने के प्रयास में गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया। हालांकि, वाहन में सवार घायलों का आरोप है कि चालक लगातार मोबाइल पर बात कर रहा था।

यात्रियों द्वारा कई बार मना करने के बावजूद चालक ने बात करना बंद नहीं किया, जिसके परिणामस्वरूप यह बड़ा हादसा हुआ। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए क्षतिग्रस्त वाहन के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सतगावां पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया है।

दुर्घटना में घायल हुए व्यक्तियों की पहचान संजीव कुमार 40 वर्ष, ममता देवी 30 वर्ष, मंजू कुमारी 45 वर्ष, रीना देवी 35 वर्ष, बबीता देवी 30 वर्ष, प्रदीप यादव 55 वर्ष, कौशल्या देवी 70 वर्ष, सविता कुमारी 38 वर्ष, जीवा कुमारी 12 वर्ष, सपना कुमारी 14 वर्ष का नाम शामिल है। ग्रामीणों का कहना है कि बरियारपुर मोड़ के पास अत्यधिक झाड़ियां और तीखा मोड़ होने के कारण यह ‘ब्लैक स्पॉट’ बन चुका है।

यहां तीन अलग-अलग दिशाओं से सड़कें आकर मिलती हैं, जिससे हर महीने कोई न कोई वाहन दुर्घटनाग्रस्त होता है। क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन और सड़क सुरक्षा विभाग से मांग की है कि इस खतरनाक मोड़ पर तत्काल सड़क सुरक्षा लाइट, संकेतक बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Share.
Exit mobile version