Bokaro  News: सोमवार को चास नगर निगम सभागार में महापौर भोलू पासवान की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपमहापौर पूजा कुमारी एवं अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार सहित निगम क्षेत्र के सभी 35 वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं एवं सुझाव क्रमवार बोर्ड अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत किए। सभी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही चास नगर निगम क्षेत्र के सर्वांगीण विकास एवं जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर निर्णय लिए गए।

बैठक का मुख्य आकर्षण चास चेक पोस्ट सुभाष चौक से भवानी गैस एवं दादी जी स्वीट्स तक वन-वे व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव रहा। उक्त मार्ग पर प्रतिदिन लगने वाले जाम एवं आम नागरिकों को हो रही परेशानियों को देखते हुए इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही ट्रैफिक डीएसपी को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र निर्णय लेने का निर्देश दिया गया।

इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या 23 अंतर्गत ट्रांसपोर्ट गली बाइपास रोड क्षेत्र में नो-एंट्री लागू होने के बावजूद बड़े वाहनों के प्रवेश से नागरिकों को हो रही कठिनाइयों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई तथा इस पर प्रभावी रोक लगाने हेतु प्रस्ताव पारित किया गया।

नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु टोल-फ्री नंबर जारी करने का निर्णय भी लिया गया। यह सुविधा विशेष रूप से उन नागरिकों के लिए उपयोगी होगी जो निगम कार्यालय आने में असमर्थ हैं। टोल-फ्री नंबर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित रहेगा, जहां नागरिक फोन एवं व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त शिकायतों एवं उनके निष्पादन का प्रतिदिन प्रतिवेदन निगम कार्यालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

बोर्ड बैठक के प्रमुख निर्णय:

1. प्रत्येक वार्ड पार्षद को प्रति माह अधिकतम दो टैंकर निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त टैंकर शुल्क के आधार पर उपलब्ध होंगे।
2. नगर निगम के सभी विभागीय कर्मचारियों को आगामी बोर्ड बैठक में अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट एवं लक्ष्य निर्धारण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
3. कार्य में लापरवाही अथवा रुचि नहीं लेने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
4. निगम क्षेत्र की सभी सरकारी भूमि की रिपोर्ट टाउन प्लानर एवं अमीन द्वारा आगामी बोर्ड बैठक तक प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
5. जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र से संबंधित सभी आवेदनों का निष्पादन 15 दिनों के भीतर करना सुनिश्चित किया जाएगा।
6. वार्डवार समस्याओं के समाधान हेतु पाँच सिटी मैनेजरों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई।
7. सफाई व्यवस्था की निगरानी एवं समाधान की जिम्मेदारी संबंधित सेनिटरी सुपरवाइजर एवं नगर प्रबंधकों को सौंपी गई।
8. टोल-फ्री नंबर पर प्राप्त शिकायतों का प्रतिदिन प्रतिवेदन माननीय महापौर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
9. जेम (GeM) के माध्यम से क्रय किए गए बंद पड़े वाहनों को संबंधित कंपनी एवं संवेदक के समन्वय से शीघ्र चालू कराने का निर्णय लिया गया।
10. बड़े डस्टबिन एवं टीपर डाला निर्माण की क्षमता विकसित करने पर भी विचार किया गया।

बैठक में मुख्य रूप से मो. आजाद, प्रभा देवी, कनक कुमार (मधु), शिखा राय, दुर्गा प्रसाद हेम्ब्रम, खतीबुन निशा, सुनील कुमार महतो, इशरत प्रवीण, मो. इमरान, सहाना फिरदौस, राखी देवी, विष्णु कुमार मिश्रा, अमोद सिंह, मंजू देवी, अमर स्वर्णकार, लता देवी, कविता देवी, मोना कुमारी, मुक्ता कुमारी, सुरभि देवी, राज कुमारी, संतोष कुमार सिंह, ममता देवी, बबीता देवी, सपन कुमार, मधु कुमार, राजन सिंह, गायत्री देवी महतो, कल्याणी प्रसाद सिंह, सुमन कुमार राय, संजू देवी, उत्तम गोप, राहुल कुमार एवं मंजू कुमारी महतो उपस्थित रहे।

Share.
Exit mobile version