अपनी भाषा चुनेें :
Chatra news: सदर अस्पताल के उपाधीक्षक कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को अस्पताल प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी ने की।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि बिनय सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी, एसडीओ जहूर आलम, सिविल सर्जन डॉ. जगदीश प्रसाद, उपाधीक्षक डॉ. पंकज कुमार, रेड क्रॉस सचिव धर्मेंद्र पाठक समेत कई अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में पिछली बैठक की कार्रवाई की समीक्षा की गई। साथ ही कायाकल्प योजना के तहत चल रहे अधूरे कार्यों को अविलंब पूरा करने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा रेन वाटर हार्वेस्टिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराने,जर्जर भवन एवं चाहरदीवारी की मरम्मत, क्रय समिति के निर्णय के आधार पर खरीदे गए दवाओं एवं उपकरणों के बकाया बिल का शीघ्र भुगतान आपूर्तिकर्ताओं को कराने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान पोस्टमार्टम हाउस जाने वाले मार्ग के निर्माण कार्य को नगर निकाय चुनाव के बाद पूरा कराने का निर्णय लिया गया।
1 मार्च से सख्त ड्रेस कोड लागू
सदर अस्पताल में कार्यरत सभी कर्मियों के लिए ड्रेस कोड लागू करने का निर्णय लिया गया।
एएनएम, जीएनएम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी (आउटसोर्सिंग कर्मियों को छोड़कर) पिंक कलर की ड्रेस में ही ड्यूटी करेंगे। स्पष्ट किया गया कि 1 मार्च के बाद ड्रेस पहनकर नहीं आने वाले कर्मियों को अस्पताल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वार्डों का निरीक्षण, दिए गए आवश्यक निर्देश
बैठक के बाद जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि एवं रेड क्रॉस सचिव ने संयुक्त रूप से अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों को स्वच्छता, मरीजों की बेहतर देखभाल और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



