चैनपुर (गुमला): उपायुक्त महोदया के निर्देश तथा उत्पाद अधीक्षक, गुमला के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के तहत चैनपुर थाना क्षेत्र में प्रशासन को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

उत्पाद विभाग की टीम ने जमगाईं, चैनपुर बाजार टांड़ और जामटोली सहित विभिन्न इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान कुल 27 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई। इसके अलावा शराब निर्माण के लिए तैयार किए गए लगभग 50 किलो जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

कार्रवाई का नेतृत्व अवर निरीक्षक (उत्पाद) प्रदीप करमाली ने किया। अभियान में उत्पाद चलंत दस्ता एवं प्रतिनियुक्त गृह रक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम की त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया।

विभाग की ओर से बताया गया कि इस कार्रवाई के उपरांत कुल छह (06) अभियोग दर्ज कर विधिसम्मत कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी होली पर्व और जन स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि अवैध शराब की सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिले में लगातार हो रही छापेमारी से अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में प्रशासन की सख्ती साफ नजर आ रही है।

Share.
Exit mobile version