अपनी भाषा चुनेें :
Bettiah: बिहार में सोशल मीडिया पर सीएम के खिलाफ अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणी करना एक युवक को भारी पड़ गया। पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सोशल मीडिया के जरिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना शिकारपुर थाना क्षेत्र की है। पुलिस को सूचना मिली कि सरस्वती पूजा के मूर्ति विसर्जन के दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक युवक बिहार के सीएम के खिलाफ बेहद शर्मनाक, असंसदीय और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहा था। वीडियो के वायरल होने से इलाके में तनाव और माहौल बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई थी।
सिसवा गांव का रहने वाला है आरोपी
पुलिस अवर निरीक्षक सोनू कुमार के आवेदन पर मामला दर्ज होने के बाद जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच में पता चला कि यह आपत्तिजनक वीडियो सिसवा गांव के रहने वाले राजू कुमार ने अपनी फेसबुक आईडी से जानबूझकर पोस्ट किया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राजू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की कड़ी चेतावनी
शिकारपुर पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस कृत्य के पीछे की मंशा का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आस्था पर चोट करने वाले या आपत्तिजनक पोस्ट के जरिए आपसी भाईचारा बिगाड़ने वालों पर पुलिस की साइबर सेल लगातार नजर रख रही है। किसी भी तरह की अमर्यादित टिप्पणी कानूनी कार्रवाई को दावत दे सकती है।
इस खबर को भी पढ़ें : बिहार की राजनीति में निशांत को आना चाहिए ललन की बात सुन मुस्कुरा दिए सीएम नीतीश



