Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती दी है। वीरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को अज्ञात अपराधियों ने एक कपड़ा व्यवसायी मो. शहजाद की गोली मारकर हत्या कर दी और हथियार लहराते हुए फरार हो गए। यह घटना जिले में 48 घंटे के भीतर हत्या की दूसरी वारदात है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, यह सनसनीखेज वारदात वीरपुर थाना क्षेत्र के परबंदा बाबा स्थान के पास उस वक्त हुई, जब व्यवसायी शहजाद अपनी बाइक से पिपरा दौदराज गांव स्थित अपने घर से वीरपुर की दुकान जा रहे थे।
वीरपुर के थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आपसी विवाद का मामला प्रतीत हो रहा है और पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी कर रही है।
जेडीयू नेता की हत्या के बाद व्यवसायी की हत्या
इस घटना से ठीक एक दिन पहले, बेगूसराय में बुधवार को जदयू के एक नेता नीलेश कुमार की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। छौड़ाही थाना क्षेत्र के पीर नगर गांव निवासी नीलेश कुमार जब घर में सोए हुए थे, तभी तीन बाइक सवार बेखौफ अपराधी आए और ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी।
विपक्ष का तीखा हमला
बेगूसराय में लगातार हो रही इन वारदातों को लेकर अब राजद (RJD) ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नीतीश सरकार को घेरा है। राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने तीखा हमला करते हुए कहा कि पहले भी एनडीए की सरकार थी और हत्या का दौर जारी था, और आज भी वही दौर जारी है। उन्होंने कहा कि “इस सरकार के बने अभी कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन 50 से अधिक हत्या की घटनाएं हो चुकी हैं।”
यादव ने कहा कि जिनके हाथ में शासन की बागडोर है, उनकी यह जिम्मेदारी है कि वे कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखें। उन्होंने यह भी जोर दिया कि कार्रवाई में समानता होनी चाहिए, क्योंकि अपराधी किसी जाति और धर्म का नहीं होता है। बेगूसराय में दो दिनों के भीतर हुई इन हत्याओं ने राज्य की पुलिस व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।



