Ranchi News: भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा रामनवमी के दौरान झारखंड के बहुसंख्यक हिंदू समाज को ‘दहशतगर्द’ (आतंकवादी) कहकर संबोधित करना बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है।

बाबूलाल मरांडी ने प्रेस विज्ञप्ति में मुख्यमंत्री के शब्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी राज्य के मुख्यमंत्री से यह अपेक्ष‍ा नहीं की जाती कि वह अपने नागरिकों के प्रति इस प्रकार की भड़काऊ और विभाजनकारी भाषा का प्रयोग करें। उनका कहना था कि हेमंत सोरेन ने जानबूझकर अपनी दुर्भावनापूर्ण सोच को उजागर किया है, जो राज्य के अमन-चैन और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने वाला है।

बाबूलाल ने इसे कांग्रेस के ‘हिंदू आतंकवाद’ के झूठे नैरेटिव की तरह बताया, जिसका उद्देश्य धार्मिक उन्माद और विभाजन फैलाना था। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी उसी राह पर चलकर झारखंड के बहुसंख्यक हिंदू समाज को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं।

भा.ज.पा. नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री को तत्काल अपने शब्द वापस लेने चाहिए और हिंदू समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही, उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने अपने ही प्रदेशवासियों के प्रति इस अपमानजनक शब्द का प्रयोग क्यों किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मुख्यमंत्री ने ऐसा नहीं किया, तो झारखंड की जनता उन्हें करारा जवाब देगी और यह मुद्दा आगामी चुनावों में उठाया जाएगा।

बाबूलाल मरांडी ने यह भी कहा कि झारखंड की जनता हेमंत सोरेन की नफरत फैलाने वाली सोच को सफल नहीं होने देगी और राज्य में शांति, सद्भाव और भाईचारे को बनाए रखने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

इस खबर को भी पढ़ें : बाबूलाल मरांडी का राज्य सरकार पर हमला: अनुराग गुप्ता की डीजीपी नियुक्ति और रामगढ़ हिंसा पर कड़ा आरोप

इस खबर को भी पढ़ें : बाबूलाल मरांडी ने सरकार को कानून व्यवस्था पर घेरा, सीएम को दी नसीहत

Share.
Exit mobile version