Saharsa News : नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित माउंट एवरेस्ट सिंगिंग डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में सहरसा की नन्हीं बाल प्रतिभा प्रियांशी मेडाना ने गोल्ड मेडल जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर न सिर्फ बिहार, बल्कि भारत का नाम भी रोशन किया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
महज 4 वर्ष की उम्र में यह बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाली प्रियांशी वर्तमान में एलकेजी कक्षा की छात्रा हैं और स्ट्रीट डांस एकेडमी में कोरियोग्राफर नवीन सिंह राजपूत से प्रशिक्षण ले रही हैं। प्रतियोगिता में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए जबरदस्त प्रस्तुति दी और निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इससे पूर्व भी प्रियांशी ने गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। अब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतकर यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती।
प्रियांशी की इस सफलता से उनके परिवार में खुशी की लहर है। उनकी मां खुशबू मांडना ने बताया कि बेटी की मेहनत, समर्पण और कोरियोग्राफर नवीन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन से यह संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि प्रियांशी शुरू से ही नृत्य के प्रति गहरी रुचि रखती है और कम उम्र में ही स्टेज पर परिपक्वता के साथ प्रदर्शन करती है।
कोरियोग्राफर नवीन सिंह राजपूत ने कहा कि प्रियांशी की लगन और सीखने की ललक देखकर यह विश्वास हो गया था कि वह एक दिन बड़ा मुकाम हासिल करेगी। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुति देना किसी भी कलाकार के लिए चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन प्रियांशी ने सहजता से इसे पूरा कर दिखाया।
सहरसा जिला प्रशासन एवं सांस्कृतिक संस्थानों की ओर से भी प्रियांशी को शुभकामनाएं दी जा रही हैं। लोग उन्हें जिले की “नन्हीं स्टार” कहकर संबोधित कर रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में प्रियांशी और भी ऊंचाइयों को छूकर देश का नाम रोशन करेंगी।