चाईबासा | रिपोर्टर

खेल मंत्रालय भारत सरकार एवं खेलो इंडिया के तहत जिला प्रशासन (खेल शाखा), पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के तत्वावधान में अस्मिता सिटी लीग 2026 का आयोजन 27 अप्रैल 2026 को किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन ग्राउंड चाईबासा, बिरसा मुंडा संपोषित विद्यालय बंदगांव तथा तुरतुंग अकैडमी तीरंदाजी केंद्र में किया जा रहा है।

प्रतियोगिता का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाहामन टूटी और जिला खेल पदाधिकारी मार्कस हेंब्रम ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान फुटबॉल, तीरंदाजी और हॉकी प्रतियोगिता में कुल लगभग 20 टीमों की 210 बालिकाएं भाग ले रही हैं।

अस्मिता सिटी लीग 2026 के अंतर्गत जिले में इन तीनों खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे खेल भावना से खेलें और जीत-हार से ऊपर उठकर पूरे उत्साह के साथ भाग लें।

इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त बनाना, उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। साथ ही महिलाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने और फिट इंडिया के संदेश को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

Share.
Exit mobile version